संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/कैथल। पूंडरी में करनाल रोड स्थित स्थित ओम अस्पताल में सोमवार को एक युवक की हुई संदेहास्पद मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने अस्पताल के प्रति रोष व्यक्त करते हुए एकत्रित हुए। मृतक के दोस्तों ने बताया कि उनके दोस्त की पूंडरी में पिछले कई वर्षों से डीजे का काम है। रविवार की रात मृतक कमल के पेट में दर्द हुआ और वे उन्हें लेकर सोमवार सुबह साढ़े चार बजे ओम अस्पताल में ले आए।
आरोप लगाते हुए बताया कि डॉक्टर ने उस समय सब कुछ नार्मल बताया, लेकिन लगभग साढ़े 11 बजे उनको बताया गया कि कमल की मौत हो गई। मृतक की बहन व दोस्तों ने अस्पताल पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए बताया कि अस्पताल व डॉक्टर की लापरवाही के चलते कमल की मौत हुई है। रोष स्वरूप परिजन व दोस्तों ने कई घंटे अस्पताल परिसर में रोष प्रकट किया। कहा कि अगर कमल को दिक्कत थी तो कमल को दूसरे अस्पताल में रेफर करना चाहिए था। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल के संचालकों ने पुलिस को सुचित भी बहुत देर बाद परिजनों के रोष के बाद किया।
ओम अस्पताल के चेयरमैन गौरव वालिया ने बताया कि सोमवार की सुबह कमल के दोस्तों ने कमल को उनके अस्पताल में दाखिल करवाया। सुबह 11 बजे के लगभग कमल को हार्ट अटैक हुआ और मौत हो गई। इसमें अस्पताल व डाक्टर का कोई क़सूर नहीं है।
इस संबंध में पूंडरी चौकी प्रभारी महीपाल ने बताया कि अस्पताल से मैसेज आया था तो कमल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ़ से कोई शिकायत नहीं मिली है।
उधर, मृतक कमल के दोस्तों व बहन ने बताया कि मृतक कमल शादीशुदा था और कमल की दो बेटियां है। जो छह वर्ष व चार वर्ष की हैं। बताया कि कमल की पत्नी चार महीने से गर्भवती है। मृतक की बेटियों को अभी तक यह पता नहीं कि उनके सिर से हमेशा के लिए उनके बाप का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।