कैथल। पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव हाबड़ी में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बलविंद्र और उसके छोटे भाई कुलविंद्र पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बलविंद्र के सिर और पेट पर ईंटों से चोटें मारीं। गांव हाबड़ी निवासी 42 वर्षीय बलविंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी शर्मा डेयरी के पास वेल्डिंग की दुकान है। करीब दो महीने पहले राममेहर के साथ उसकी कहासुनी हुई थी।
इस मामले में पंचायत के माध्यम से राजीनामा हो गया था, लेकिन आरोपी उससे रंजिश रखता था। 29 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे वह दुकान से घर लौट रहा था। रास्ते में राममेहर अपने साथियों के साथ मिला और गाली-गलौज के बाद हमला कर दिया। उसे पहले सीएचसी पूंडरी, फिर नागरिक अस्पताल कैथल और पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे खरड़ के निजी अस्पताल ले गए। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राममेहर, इनाम, सतबीर व अन्य के खिलाफ धारा 115(2), 117(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।