कैथल। एक व्यक्ति को यह कहकर 69 हजार 900 रुपये का चूना लगा दिया गया कि उसका दोस्त एयरपोर्ट पर ब्रिटेन से आया है और उसे सर्विस टेक्स देना है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। चीका में दुकान पर मुनीम ककहेड़ी निवासी रणधीर सिंह ने बताया कि गत 6 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि उसका दोस्त बैरी एक्सल इंग्लैंड से आया है और वह एयरपोर्ट पर है। उनके पास लैपटॉप और अन्य सामान लिमिट से अधिक है। इसलिए आपको एयरपोर्ट के ट्रांसपोर्ट सर्विस के लिए भुगतान करना होगा। आरोपी ने उसे संदेश दिया कि एक बैंक खाता दिया, जिसमें उसने यह पैसे डलवा दिए। इसके बाद दोबारा आरोपी ने फोन करके उससे 2.43 लाख रुपये ओर डलवाने की बात कही। यह सुनकर वह समझ गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है। इसलिए उसने मामले की शिकायत चीका पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। वहीं सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र मामले की जांच कर रहे हैं।