संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। मंगलवार दोपहर बाद कैथल के सिलाखेड़ा रोड पर एक नीले रंग के सूटकेस में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष अनुमानित है और उसकी पहचान मंगलवार देर रात तक नहीं हो पाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्रेन में सूटकेस को कुत्ते खींच रहे थे, जिसे देखकर पास के किसानों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद डीएसपी वीरभान, सीआईए की टीमें व सिटी थाना पुलिस ने भी स्थल का दौरा किया। शव को सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि युवती की हत्या कर शव को सूटकेस में रखा गया होगा और ड्रेन में फेंका गया। शव कई दिन पुराना लग रहा है। पानी में रहने के कारण शरीर फूल गया और कुछ अंग गल चुके हैं। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
किसानों ने देखा सूटकेस
सूचना के अनुसार, यह सूटकेस मंगलवार शाम करीब चार बजे गांव शीला खेड़ा के किसानों ने देखा। ड्रेन के पास ही उनके डेरे बने हुए हैं। जब किसानों ने सूटकेस के पास जाकर देखा तो भयंकर बदबू आ रही थी। उन्होंने कुत्तों को भगाया और सूटकेस को कब्जे में लेकर खोला, तब उसमें युवती का शव पाया गया।
मृतका के हाथ पर टैटू, पहचान का प्रयास जारी
पुलिस ने बताया कि युवती ग्रे (स्लेटी) रंग का कुर्ता पहना हुआ है, जिस पर सामने की ओर लाल और नारंगी रंग की फूलों वाली कढ़ाई बनी है। सलवार का रंग पीला (मस्टर्ड) है। हाथ पर बना टेटू काले रंग का है। छवि की स्पष्टता के आधार पर यह किसी विशेष धार्मिक चिह्न या अक्षर जैसा प्रतीत हो रहा है।
प्रारंभिक अनुमान है कि यह शव किसी प्रवासी युवती का हो सकता है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सीआईए की टीमें पूरे मामले की जांच में लगी हैं। आसपास के थानों से भी लापता हुई युवतियों के बारे में जानकारी जमा की जा रही है।
सिटी थाने की एसएचओ गीता ने बताया कि घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था। शव के गले पर निशान भी पाए गए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या गला घोंटकर की गई। सूटकेस से शव के अलावा पुलिस को एक बैग भी मिला है। उसमें मिले सामान की जांच की जा रही है। दो अन्य ड्रेस भी बरामद हुई हैं।
उन्होंने कहा कि शव की पहचान होने तक इसे अस्पताल मोर्चरी में रखा जाएगा। पुलिस ने आसपास के थानों को भी सूचना दे दी है। जो भी सूचना मिलेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।