कैथल। चुनाव आयोग द्वारा चुनावी प्रक्रिया को लेकर सभी महत्वपूर्ण कार्य ऑनलाइन कर दिए गए हैं। इनमें डिजिटल मतदाता पहचान पत्र या इलेक्ट्रॉनिक इलेक्टोरल फोटो आईडी कार्ड यानी ई-ईपीआईसी की सुविधा शामिल हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी ने दी है।
उन्होंने बताया कि यदि मतदाता की वोटर आईडी कहीं गुम हो गई है या फिर वह वोटर कार्ड की डिजिटल कॉपी सहेज कर रखना चाहता है, तो वोटर हेल्पलाइन एप या फिर चुनाव आयोग की वेबसाइट वोटरसडॉटइसीआईडॉटजीओवीडॉटइन से अपना वोटर कार्ड आसानी से मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकते हैं।
डिजिटल वोटर कार्ड ई-ईपीआईसी को डिजी लॉकर में भी अपलोड किया जा सकता है। इसके अलावा इसे प्रिंट भी कराया जा सकता है। कहा कि ई-ईपीआईसी वोटर कार्ड ओरिजिनल वोटर आईडी कार्ड का एक नॉन-एडिटेबल पीडीएफ वर्जन है। वोटर आईडी के पीडीएफ वर्जन को भी आइडेंटिटी के साथ एड्रेस प्रुफ के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे एक्सेस करने के लिए मोबाइल फोन या डिजीलॉकर में स्टोर करके रखा जा सकता है। संवाद