संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में तीन दिवसीय योग कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य छात्राओं और शिक्षकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यशाला का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भाम्बू ने किया। उन्होंने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।” उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योगाभ्यास करने का आह्वान किया ताकि वे तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन जी सकें।
योग प्रशिक्षक डॉ. संध्या आर्या ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शवासन आदि योगासनों का अभ्यास करवाया और योग के वैज्ञानिक तथा मानसिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि योग से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्म-संतुलन भी विकसित होता है। कार्यशाला के आगामी दो दिनों में प्राणायाम, ध्यान और योग दर्शन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को प्रतिदिन सुबह 9:30 से 11:00 बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. सीमा जांगड़ा ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। कार्यक्रम में डॉ. पूनम, डॉ. इंदु, डॉ. नीलम, डॉ. रुपाली और डॉ. कृतिका सहित महाविद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान परिसर में योगमय वातावरण छा गया और छात्राओं में उत्साह झलक रहा था।
कार्यशाला के दौरान योग करतीं छात्राएं।