कैथल। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में जिला नागरिक अस्पताल कैथल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने दी।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुष योग सहायकों को मानक योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रशिक्षित करना था, ताकि आगामी योग दिवस कार्यक्रमों को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके। प्रशिक्षण शिविर में योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न सूक्ष्म व्यायामों और योग आसनों का व्यावहारिक अभ्यास करवाया।इस दौरान प्रतिभागियों को गर्दन, कंधे, कमर और घुटनों के व्यायामों के साथ ताड़ासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, मंडूकासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन एवं उत्तानपादासन का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा प्राणायाम सत्र में शीतली, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रत्येक योग क्रिया की सही तकनीक, उसके लाभ और आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया। डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। संवाद