संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के सातों खंडों में शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (पीटीआई) और शारीरिक शिक्षा प्रवक्ताओं (डीपीई/डीपीआई) के लिए आयोजित तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है।
पूंडरी खंड के प्रशिक्षण शिविर में संबोधन में डॉ. दहिया ने कहा कि जीवन में प्रगति और सकारात्मक सोच के लिए दैनिक दिनचर्या में योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। योग स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और थायराइड जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनसे बचाव के लिए नियमित योगाभ्यास बेहद जरूरी है।
डॉ. दहिया ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने
आमजन से आह्वान किया कि विभाग द्वारा आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को
जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि अंतररष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर जिले में विभिन्न चरणों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 21 से 23
मई तक सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, 8 से 10 जून तक ग्रामीण क्षेत्रों में योग जागरण यात्रा निकालकर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा 11 से 13 जून तक सरपंचों, पंचों, पुलिस कर्मचारियों, एनसीसी तथा स्काउट कैडेट्स के लिए विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 15 जून को जिला स्तरीय योग मैराथन का आयोजन होगा, जबकि 16 से 18 जून तक मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए योग प्रशिक्षण सत्र लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 21 जून को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शिविर में शारीरिक शिक्षकों को व्यायाम कराया
गुहला चीका। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय चीका में बुधवार को आयोजित योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर मंे शारीरिक शिक्षकों (पीटीआई) को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया गया। आयुष विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में आयुष विभाग के एएमओ डॉ. विक्रमजीत सिंह के निरीक्षण में पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष आचार्य हरिओम तथा योग सहायक संदीप सिंह व सुखदेव सिंह ने प्रतिभागियों को निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का क्रमबद्ध प्रशिक्षण दिया। इस दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान व शिथिलीकरण अभ्यास कराए गए तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। प्रत्येक क्रिया की सही विधि व उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में मेहताब सिंह, डॉ. सुमित खरबंदा, डॉ. ऐश्वर्या, विनोद कुमार और बलविंद्र भी मौजूद रहे। संवाद