संवाद न्यूज़ एजेंसी
कैथल। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग की ओर से शुक्रवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग शिविर लगाया गया। इस शिविर में सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सामान्य प्रसव के लिए योग मददगार है। इसलिए सभी गर्भवती महिलाओं को डॉक्टर की निगरानी में इन्हें करना चाहिए।
सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि योग जीवन में काफी महत्व रखता है। योग करने से बीमारियां दूर होती है व हर वक्त इंसान चुस्त-दुरूस्त रहता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को स्वस्थ रहने के लिए रोजाना योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वयं योग करते हुए अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान मन की शांति के लिए भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास लाभदायक है। इस दौरान योग विशेषज्ञ डॉ. एचएस हुड्डा ने कहा कि जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ.शकुंतला दहिया के मार्गदर्शन में 26 अप्रैल तक गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। श्रेष्ठ संतान के लिए ध्यान का बड़ा महत्व है। ध्यान से गर्भवती महिलाओं को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
योग विशेषज्ञ की देख रेख में वीरेंद्र आर्य, सीमा कुमारी, सपना देवी, रेखा देवी आयुष योग सहायकों ने योग का प्रशिक्षण दिया। नागरिक अस्पताल में प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ सचिन मांडले एवं डॉ.अंजलि श्योकंद ने गर्भवती महिलाओं के योग शिविर में विशेष योगदान दिया।
विशेष योग शिविर में गर्भावस्था को ध्यान में रखते हुए गर्दन, कमर, घुटने आदि के व्यायाम करवाए गए। खान पान संबंधी ध्यान रखने योग्य जानकारी देते हुए बताया कि गर्भावस्था के 9 महीने में खान पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।