संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग की ओर से 26 मई से चल रहे शारीरिक प्रवक्ता एवं शारीरिक शिक्षा अध्यापकों के लिए योग शिविर का बुधवार को समापन हो गया। इसमें प्रथम चरण में 26 व 28 मई को जिले के सभी पीटीआई एवं डीपीआई को योग दिवस प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग दी गई।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग से जीवन की कायापलट सकती है। जीवन की प्रगति एवं स्वयं की मति को अच्छा बनाने के लिए योग जरूरी है। मोटापा, बीपी, शुगर, थायराइड जैसी जानलेवा बीमारियों से दिनचर्या में सुधार एवं योग कर बीमारियों से बचा जा सकता है।
डॉ. शकुंतला ने बताया कि आयुष विभाग जिला प्रशासन के साथ मिलकर आगामी 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रदेश भर के जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मनाया जाना है। 28 से 30 जून प्रशिक्षित पीटीआई एवं डीपीआई द्वारा सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण की शुरुआत की गई।
9 जून से 15 जून के मध्य जन सामान्य में योग जागृति के लिए ग्रामीण स्तर पर आयुष योग सहायकों एवं योग संस्थाओं द्वारा योग जागरण यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 12 से 14 जून 2025 को जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच, पंच, पुलिस विभाग के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट कैडेट एवं इच्छुक जनसाधारण के लिए योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। 16 से 18 जून को जिला स्तर पर मंत्रीगण, सांसद विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, सभी विभागों के अधिकारी/ कर्मचारी, नेहरू युवा केंद्र स्टाफ एवं जनसाधारण को योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद 19 जून को जिला स्तर पर योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 20 जून को प्रात: 7 बजे से 8 बजे तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर योग दिवस के लिए पायलट रिहर्सल होगी। 21 जून को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़ी धूमधाम से जिला एवं ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।
सीखा सूर्य नमस्कार
सीवन। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 11वें अंतररराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी आचार्य हरिओम और आयुष विभाग के योग सहायक सत्यवान ंने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम सिखाए। डॉ. लवनीश सिंगला, फार्मासिस्ट सुखपाल, नेहा, योग सहायक सोहनलाल ने सहयोग प्रदान किया। संवाद
प्रभाव की दी जानकारी
ढांड। बलिदानी केहर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में शिविर के दौरान स्वास्थ्य पर योग के प्रभाव की जानकारी दी गई। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रेम कुमार व डॉ मंजू शर्मा के साथ आयुष योग सहायक विजय कुमार सतपाल भारद्वाज, विभा गोयल, संजीव कुमार गर्ग, राजकुमार, सुनील कुमार और रेखा देवी ने प्रशिक्षण दिया। संवाद