गुहला-चीका। आयुष विभाग की ओर से चलाए जा रहे योग जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को सरकारी अस्पताल गुहला में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर डॉ. संदीप राजराणा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीति सिंगला और चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमन बंसल ने भी उपस्थित स्टाफ को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी और प्राकृतिक समाधान बनकर उभरा है। नियमित योग करने से अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी वृद्धि होती है।
अस्पताल परिसर में आयोजित इस योग शिविर में वरिष्ठ और कनिष्ठ कर्मचारियों सहित कुल 32 लोगों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का लाभ उठाया। प्रतिभागियों ने योग अभ्यास के बाद इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगाभ्यास करते लोग। संस्था