कैथल। विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के तहत चलाया जाने वाला जागरूकता एवं जांच अभियान रविवार और डॉक्टरों की संभावित हड़ताल की आशंका के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब यह अभियान सोमवार से शुरू होकर 16 मार्च तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस दौरान लोगों की आंखों की जांच की जाएगी और गंभीर नेत्र रोगों की समय रहते पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत काला मोतिया (ग्लूकोमा) सहित अन्य आंखों से जुड़ी बीमारियों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। जिला अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने बताया कि ग्लूकोमा एक गंभीर आंखों की बीमारी है, जो धीरे-धीरे आंखों की रोशनी को प्रभावित करती है। यदि समय रहते इसका इलाज न कराया जाए तो व्यक्ति की दृष्टि भी जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी की समस्या यह है कि शुरुआती चरण में इसके लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, इसलिए समय-समय पर आंखों की जांच कराना जरूरी है। संवाद