जाट पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जाट पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश की वादियों में खुद को तराश रहे हैं। नाहन शहर में जिला परिषद भवन में चल रहे सर्वे कैंप में विद्यार्थी सुबह सवेरे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में निकल पड़ते हैं। वहां जाकर अपने विषय के अनुरूप स्पाट लेवलिंग, फ्लाई लेवलिंग करके अपने पाठ्यक्रम के अनुसार खुद को पहाड़ों के बीच के माहौल में काम करने के लिए तैयार करते हैं। यह लेवलिंग सड़क, भवनों व नदियों के निर्माण के प्रारंभ करने के पहले एक से दूसरे स्थान पर ले जाए जाने वाले लेवल के लिए की जाती है।
मैदानी इलाके में यह सरल कार्य है, पर यही पहाड़ी इलाके में ज्यादा कठिन होती है। इसे सीखकर सिविल इंजीनियरिंग के यह छात्र किताबी शिक्षा को व्यवहारिकता प्रदान कर रहे हैं। पहाड़ों के बीच घने कोहरे में विद्यार्थी वहां के बाशिंदों के बीच रहकर उनकी लोक कलाएं, संस्कृति, रहन-सहन, पहनावा व खान-पान आदि की भी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। प्राचार्य सतीश सिंगला ने बताया कि शिविर में साथ गए प्रभारी तरसेम भाल, विकास राणा, दूरभाष व वाट्सएप्प के माध्यम से विभागाध्यक्ष सूरज प्रकाश बतरा से संपर्क साधे हुए हैं और वहां चल रही गतिविधियों से वाकिफ करवा रहे हैं।