संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। पबनावा व बंदराना के मनरेगा मजदूरों को काम देने के बाद रजिस्ट्रेशन न करने के विरोध में गुस्साए मजदूरों ने सोमवार क बीडीपीओ कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया।
नाराज मजदूरों की मांगों का समर्थन करते हुए युवा भाकियू हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य व मनरेगा मेट मजदूर यूनियन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष समुद्र सिंह दनौदा ने कार्यालय के प्रमुख गेट पर तालाबंदी कर अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमर्जी पर अपना रोष जताया।
गेट पर ताला जड़ने की सूचना मिलते ही ढांड थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाराज मजदूरों को किसी तरह समझाकर गेट का ताला खुलवाया। मनरेगा मजदूरों ने बताया कि वे सोमवार सुबह म्यौली अमीन ड्रेन पर काम के लिए पहुंच गए थे और मजदूरों को अधिकारी द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हाजिरी लगवाने के लिए कहा। इसके बाद पांच मजदूर ढांड बीडीपीओ कार्यालय रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए पहुंचे। जहां एक कर्मचारी ने पंजीकरण करने से साफ मना कर दिया। इसकी सूचना मजदूरों ने बाकी काम पर लगे मजदूरों को दी और सभी मजदूर कार्यालय पहुंच गएे।
नाराज मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि एक अधिकारी ने दो महिला मजदूरों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। मजदूरों को काम न मिलने व तंग करने पर युवा भाकियू हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य ढांड व मनरेगा मेट मजदूर यूनियन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष समुद्र सिंह दनौदा पहुंचे और समर्थन करते हुए गेट पर ताला जड़ते हुए मजूदरों को काम देने की मांग की।
दनौदा ने कहा कि मनरेगा मजदूर पिछले एक साल से काम की मांग कर रहे है और काम देने के नाम पर मजदूरों को टरकाया जा रहा है। जब काम दे दिया गया तो ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर कंप्यूटर ऑपरेटर साफ मना कर रहा है। इस कारण मजदूरों में रोष है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों की अनदेखी किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगी।
गांव बंदराना व पबनावा के सभी मनरेगा मजदूरों को काम मुहैया करवाने के साथ उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो चुका है। सभी मजदूरों को मनरेगा के तहत काम पर भेज दिया गया है। अधिकारी व कर्मचारी के रवैये को लेकर जो मजदूरों ने शिकायत की है, उसकी जांच कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाऐगी। जगजीत सिंह, बीडीपीओ, ढांड।