रोडवेज विभाग के कार्यशाला में लंबे समय से मैकेनिक जैसे मुख्य पदों पर भर्तियां न होने से बसों की देखरेख का काम काफी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में रूटों पर दौड़ रही हरियाणा राज्य परिवहन की बसें बीच रास्ते में ही खराब हो रही हैं। जिसका खामियाजा बसों में सवार यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। विभाग में पिछले लगभग तीस सालों से मैकेनिक सहित अन्य पदों पर नियमित भर्तियां नहीं हो रही है। जिससे वर्कशाप में कर्मचारियों का टोटा है।
बता दें कि धुंध के मौसम में बसों में मुख्य लाइटें, ड्राइवर सीट व फर्स्ट एड बॉक्स, अग्रिश्मन यंत्रों सहित अन्य सामग्रियों की खस्ता हालत बनी हुई है। ऐसे में भी विभाग चेन की नींद सोये हुआ है। रोजाना हजारों की संख्या में यात्री बसों में सफर करते हैं। किसी भी समय हादसा होने का सौ प्रतिशत खतरा बना हुआ है।
ब्रेक लगाएं तो शीशे पर जाकर लगता है सिर- रोडवेज में ड्राइवर एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अधिकतर बसों में ड्राइवर सीट की ऐसे हालत बने हैं कि बसों के ब्रेक लगाने पर सिर आगे की ओर लगता है। जिससे कई कर्मचारी चोटिल भी हो चुके हैं। इसके लिए विभाग को कई बार अवगत करवा चुके है। वहीं हार्न बजाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। स्टेयरिंग पर टी हार्न की सुविधा नहीं है। अलग से लोहे की पत्ती पर एक तार लगाई गई है। जिससे कई बार हार्न नहीं बजता।
शिफ्टिंग में भी आ रही दिक्कतें-प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्कशॉप में काम करने के लिए कर्मचारियों की शिफ्ट के हिसाब से ड्यूटी लगाई जाती है। पर्याप्त संख्या में कर्मचारी न होने पर शिफ्टिंग भी प्रभावित हो रही है। एक कर्मचारियों लगातार ड्यूटी करनी पड़ रही है।
विभाग को भेजी गई है डिमांड-जीएम अजय गर्ग ने बताया कि इस संदर्भ में हेड ऑफिस को सूचित किया गया है। जैसे ही आदेश होंगे पालना की जाएगी।