संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 की महिलाओं ने सोमवार को जल संकट के विरोध में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय पर धरना दिया। महिलाओं ने कहा कि इलाके में पिछले काफी समय से पीने के पानी की भारी समस्या बनी हुई है। रोजमर्रा के कामों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
धरने पर बैठी सूरजमुखी, जीवनी, उषा रानी, संतोष और कविता समेत कई महिलाओं ने बताया कि वे कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूर होकर अब उन्हें विरोध करना पड़ा है।
महिलाओं का आरोप था कि पानी की आपूर्ति मात्र 10 मिनट के लिए दी जाती है और जैसे ही वे पानी भरने जाती हैं, सप्लाई रोक दी जाती है। इतने कम समय में न तो पीने का पानी इकट्ठा हो पाता है और न ही अन्य घरेलू जरूरतें पूरी हो पाती हैं। महिलाओं ने बताया कि जैसे ही वे जलघर पहुंचीं और अपनी बात रखने लगीं, वहां मौजूद कर्मचारी बिना कुछ सुने मौके से भाग गया। इससे महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया।
वार्ड-8 में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की गैरहाजिरी दर्ज कर ली गई है और उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। काफी समय से नहर में पानी नहीं आ रहा था, जिससे टैंकों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। अब नहर में पानी आ गया है और सभी वार्डों में स्थिति जल्द सामान्य की जाएगी। -नरेश जागलान, एसडीओ, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग