सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हाईवे पर शराब के ठेके बंद किये जाने के बाद खुराना रोड स्थित सुभाष नगर में शराब का ठेका खोलने पर लोग भड़क उठे। भारी संख्या में एकत्रित हुई महिलाओं ने शराब के ठेके से बोतलें उठाकर बाहर फेंक डाली और खुराना रोड पर जाम लगा दिया। इस कारण करीब दो घंटे तक लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह लोगों के सड़कों पर उतरने की सूचना पर सिटी थाना प्रभारी अशोक कुमार व सीआईए वन के इंचार्ज महावीर सिंह पहुंच गए। उन्होंने मोहल्लावासियों को ठेेका बंद करवाने का आश्वासन दिया। लेकिन मोहल्लावासी नहीं माने और तुरंत ठेके को खाली कराने पर अड़े रहे। बाद में उन्होंने तुरंत ठेका खाली करवाने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोग सड़क के साइड में वहीं धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे के बाद शराब के ठेके को खाली करवाया गया तो वहां से मोहल्लावासी उठे।
मोहल्ले में आठ स्कूल, पूरे दिन लगा रहता छात्राओं का आना-जाना
शीला व संतोष वर्मा ने कहा कि उनके मोहल्ले में करीब आठ स्कूलों का रास्ता है। जिनमें से पांच स्कूल उन्हीं की कालोनी में स्थित है। जिस वजह से अधिकतर समय यहां पर शहर की विभिन्न कालोनियों में रहने वाली छात्राओं का आना जाना रहता है। लेकिन यहां शराब के ठेके के खुलने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
सरकार रिहायशी इलाकों में बंद करें ठेके
मोहल्लावासी विकास, संजय व ओमप्रकाश ने कहा कि सरकार एक ओर तो बेटियों की सुरक्षा के मद्देनजर तरह तरह के दावे करती है। लेकिन शहर की विभिन्न रिहायशी कालोनियों में बेझिझक शराब के ठेकों को चलने की अनुमति दे रही है। सरकार को शहर से एक से दो किलोमीटर की दूरी पर शराब के ठेकों को खोलना चाहिए। जिससे रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो।
विरोध कर रहे लोगों को आश्वासन देकर शांत करवा दिया गया है। ठेके के मामले में सक्षम अधिकारी फैसला ले सकते हैं। फिलहाल लोगों की मांग पर वहां से शराब की बोतलें उठवा दी गई थीं। जिस पर लोग शांत हो गए।
अशोक कुमार, एसएचओ, सिटी थाना