कैथल। गुहणा-शेरगढ़ माइनर के पुल के नीचे टैंकर की टक्कर से बाइक सवार 56 वर्षीय महिला राजबाला की मौत हो गई। वे अपने पति हिम्मत सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर खेत जा रही थीं।
टक्कर लगने से सड़क पर गिरीं और राजबाला के सिर के ऊपर से टैंकर का पिछला टायर गुजर गया। हादसे के बाद राहगीरों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गांव छौत निवासी 59 वर्षीय हिम्मत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 2 नवंबर को वे अपनी पत्नी के साथ बाइक पर रेहड़ी जोड़कर खेत जा रहे थे। सुबह करीब 9:50 बजे जब वे गुहणा से शेरगढ़ माइनर के पुल के नीचे उतर रहे थे तो सामने से तेज रफ्तार टैंकर आया।
उनके अनुसार टैंकर चालक ने बिना हॉर्न बजाए लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक-रेहड़ी को चालक की तरफ से टक्कर मार दी। इससे उनकी पत्नी राजबाला सड़क पर गिर गईं और टैंकर का पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया।