संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तितरम गांव स्थित एक राइस मिल में मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। हाइड्रा मशीन पलटने से शेरूखेड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय कविता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मिल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाने के साथ सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
खेड़ीशेरू गांव के सरपंच अनिल कुमार ने बताया कि हादसे के बारे में जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसा श्री गणेश फूड राइस मिल में हुआ। महिला श्रमिक रोजाना की तरह मंगलवार को भी मजदूरी के लिए गई थी, लेकिन शाम को अचानक हादसा हो गया। सरकार और प्रशासन से मांग है कि परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
परिजनों ने मिल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि छुट्टी का समय शाम 5 बजे तय है, इसके बावजूद महिला से देर तक काम करवाया जा रहा था। इसी दौरान हाइड्रा मशीन के पलटने से वह दब गई और उसकी मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चे हैं।
परिवार का कहना है कि कविता पिछले दो साल से इस मिल में मजदूरी कर रही थी। महिला की सास ने बताया कि मजदूरी के सहारे ही परिवार का पालन-पोषण होता था। हादसे के बाद परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हाइड्रा मशीन के नीचे दबने से महिला की मौत हुई है। हाइड्रा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। -राममेहर, तितरम थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई