कैथल/गुहला-चीका। सैर करके घर आ रही महिलाओं को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे एक महिला की मौके पर मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव भागल निवासी छोटी देवी ने चीका थाना में शिकायत दी कि 19 मई को वह, उसकी जेठानी पनिया व पुत्रवधू मूर्ति देवी सुबह चार बजे सैर करने गए थे। सैर करने के बाद चीका-पिहोवा रोड पर वे तीनों सड़क की साइड में पैदल अपने घर आ रही थी। जब वे रजबाहा भागल से थोड़ी आगे पहुंची तो चीका की तरफ से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेजगति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी 28 वर्षीय पुत्रवधू मूर्ति देवी की मौत हो गई, जबकि वे दोनों घायल हो गई।
भागल चौंकी इंचार्ज केहर सिंह राणा ने बताया कि मृतक महिला का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।