जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव परिणाम के बाद चेयरमैनी के लिए चल रही कशमकश अब तेज हो गई है। सत्ताधारी दल भाजपा के खेमे से जिला परिषद का चेयरमैन बन सकता है। लेकिन कई भारतीय जनता पार्टी के लिए एक उम्मीदवार का निर्णय करना फिलहाल आसान नजर नहीं आ रहा। जिसका कारण पार्टी के ही नेताओं द्वारा अलग-अलग जिला पार्षदों के लिए की जा रही लॉबिंग है। वहीं विजयी उम्मीदवार भी लगभग सभी भाजपा नेताओं के यहां हाजिरी भर रहे हैं। वहीं कई कांग्रेसी नेताओं द्वारा भी जिला पार्षदों से संपर्क किए जाने की जानकारी मिली है।
जिले के 21 पार्षदों में से चुनाव परिणाम के दिन इनेलो के 7, भाजपा के 4 तो निर्दलीय 8 पार्षद विजयी होकर आए थे। वहीं एक पार्षद ने खुद को कांग्रेस खेमे से बताया था। इसके बाद से ही चेयरमैन पद क लिए दौड़-धूप शुरु हो गई थी। वहीं अब भाजपा नेताओं द्वारा 18 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। लेकिन इन 18 में भी भाजपा के नेताओं द्वारा अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए लॉबिंग की जा रही है। निर्णायक फैसला निर्दलीय पार्षदों के सहयोग से हो सकता है।
पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व जिला प्रधान सहित जिला मुख्यालय पर सक्रिय कई नेता जहां एक उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं गुहला विधायक सहित कुछ अन्य नेता दूसरे उम्मीदवार के नाम के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। वहीं सांसद द्वारा भी एक उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन सबके बीच कई लोग इनेलो खेमे से भी चेयरमैनी के लिए नाम चला रहे हैं। ऐसे में भाजपा द्वारा एक उम्मीदवार का निर्णय लेना भी आसान नजर नहीं आ रहा। चेयरमैन पद के लिए सुखविंद्र कौर, रेनू बाला, मंजू देवी सहित दो-तीन अन्य नामों की भी चर्चा है।
उम्मीदवारों को लगाने पड़ रहे हैं सभी नेताओं के यहां चक्कर
विजयी उम्मीदवारों को लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में डेरा जमाए पार्टी के जिला अध्यक्ष सुभाष हजवाना, ढांड रोड पर धर्मपाल शर्मा के प्रतिष्ठान, अमरगढ़ गामड़ी में राव सुरेंद्र सिंह के आवास, हुडा सेक्टर 20 के निकट पूर्व विधायक लीला राम के आवास पर जहां विजयी उम्मीदवार पहुंच रहे हैं। वहीं कई पार्षद आरएसएस के अग्रणी लोगों से भी संपर्क बनाने का प्रयास कर रहे हैं। आरएसएस की भी चेयरमैन पद के चयन में अहम भूमिका हो सकती है। शनिवार को इन सभी नेताओं के यहां विजयी उम्मीदवारों का तांता लगा रहा।
कांग्रेसी नेताओं ने भी किया संपर्क
वहीं कई पार्षदों ने बताया कि भाजपा के साथ-साथ कई कांग्रेसी नेता भी उनसे मिले हैं। इन नेताओं ने उनसे संगठन में बड़ा पद देने का आश्वासन दिया है। इसके बदले कांग्रेस के समर्थन की बात कही है।
धर्मपाल शर्मा के आवास पर उमड़ी विजयी उम्मीदवारों की भीड़
ढांड रोड पर धर्मपाल शर्मा के कार्यालय में ब्लॉक समिति डव जिला परिषद सहित विजयी सरपंच उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ी रही। जिले के कलायत, राजौंद एवं पाई के सबसे अधिक लंबे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे शर्मा भी कुर्सी के फैसले में अहम भूमिका निभा सकते हैं। धर्मपाल शर्मा ने कहा कि अब कलायत शहर में तेजी से विकास का पहिया घूमेंगा। शर्मा ने कहा कि कलायत हलके में 67 पंचायतों में से केवल 2 को छोड़कर सभी सरपंचों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताया है। राजौंद, कलायत व 12 कैथल ब्लाक समिति के सदस्यों एवं जिला परिषद के वार्ड 2 से 7 तक के चुने गए सदस्यों ने भी उनसे संपर्क कर सहयोग मांगा है।
भाजपा ने गठित की कमेटी
भारतीय जनता पार्टी द्वारा कुर्सी के फैसले के लिए घनश्याम दास अरोड़ा को प्रभारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में विधायक गुहला कुलवंत बाजीगर, विधायक प्रो. दिनेश कौशिक, जिला प्रधान सुभाष हजवाना, पूर्व विधायक लीला राम, फूल सिंह खेड़ी, धर्मपाल शर्मा, राव सुरेंद्र सिंह, रणधीर गोलन, धर्मपाल शर्मा, राजपाल तंवर व सज्जन सिंह ढुल शामिल हैं।
भाजपा खेमे से बनेंगे चेयरमैन : हजवाना
कैथल। भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष हजवाना ने कहा है कि जिला परिषद व सभी खंडों में ब्लाक समिति के चेयरमैन भाजपा समर्थित होंगे। जिला परिषद के 21 वार्डों व ब्लॉक समितियों के सदस्य उनके संपर्क में हैं। यह सब भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की लहर का प्रदर्शन है। जिले की 277 पंचायतों में से 276 पंचायतों के चुनाव हुए हैं और इनमें 80 प्रतिशत सरपंच भाजपा पृष्ठभूमि के जीते हैं, जो पार्टी की बहुत बड़ी जीत है। हजवाना ने कहा कि गत दिवस कलायत में हुए नगर पालिका के चुनावों में भी सभी 13 पार्षदों ने भाजपा की नीतियों में विश्वास जताया है। जो बड़ी उपलब्धि है। उनके साथ युवा जिलाध्यक्ष संजय भारद्वाज, सुरेंद्र बिट्टू, कपिल सिरोही, संदीप गोयल, शमशेर सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।