04-कैथल। कैथल पहुंचने पर हेली पैड पर गुलदस्ता देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करते मु?
- फोटो : Kaithal
कैथल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस में महिलाओं की संख्या छह प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है मगर अब इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया जाएगा और यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि होगी। अमृत काल संकल्प रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने बेरोजगारी को लेकर जारी हो रहे नए-नए आंकड़ों पर भी सवाल खड़ा किया।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत में कैथल में तीन दिन के नोटिस पर आयोजित रैली में उमड़ी भीड़ पर आयोजकों को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में जातिगत घृणा का दौर था। उन्होंने संकल्प लिया था कि इस छवि को कैसे बदला जाए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से काम शुरू किया। इसमें सफलता मिल रही है। पिछले आठ साल में छह लाख लोगों को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार दिया गया है।
सीएम ने कहा कि कुछ लोग दिन रात बेरोजगारी के झूठे आंकड़े प्रस्तुत करते हैं। वे 15 से 19 साल तक के युवाओं को भी बेरोजगार गिन रहे हैं जबकि सरकार 18 साल तक के युवाओं को शिक्षा देने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में कहा गया कि चार साल बाद वे क्या करेंगे, उन्होंने हरियाणा में अग्निवीर योजना का कार्यकाल पूरा करने के बाद आने वाले युवाओं को नौकरी की गारंटी दी है। हरियाणा में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य पर काम किया है।
सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में ऑनलाइन सेवाएं दी जा रही हैं। पारदर्शिता पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने खुद को भ्रष्टाचार का काल बताते हुए कहा कि आज एक कहावत है कि ‘भ्रष्टाचार का काल मनोहर लाल।’ सीएम ने किसानों, सक्षम युवाओं, परिवार पहचान पत्र योजना में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भाजपा अध्यक्ष के सामने रखी। उन्होंने यह भी कहा कि आज हरियाणा में सीएम, मंत्री, सांसद व विधायक आवास पर लोगों की भीड़ नहीं जुटती। जिसका कारण है कि आज हर व्यक्ति को उसके घर द्वार पर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।