संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगरपालिका चीका ने सोमवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्कूली छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और अपने आस-पास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन कैथल के सदस्य ओमप्रकाश मुटरेजा ने कहा कि व्यक्ति स्वच्छता का पहला पाठ अपने घर से ही सीखता है। उन्होंने बच्चों को बताया कि कोई भी नागरिक मोबाइल में स्वच्छता एप डाउनलोड करके जहां कहीं भी कचरा पड़ा देखे, उसकी फोटो भेज सकता है, जिस पर तुरंत सफाई करवाई जाएगी।
उन्होंने पॉलीथीन की जगह कपड़े व जूट के थैलों का उपयोग करने, गीले व सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन इस्तेमाल करने और गली-मोहल्ले साफ रखने की अपील की। नगर परिषद सचिव जतिंद्र शर्मा ने कहा कि सफाई संबंधी शिकायतें वार्ड पार्षद, नगर परिषद चेयरपर्सन या गांव के सरपंच को लिखित रूप में भी दी जा सकती हैं। प्रधानाचार्य अशोक कुमार, राजकुमार मुटरेजा, संतोष आहूजा, जितेंद्र, रेखा, रजनी, सीमा, सुखजिंदर सहित स्कूल स्टाफ ने नगरपालिका टीम का स्वागत किया।
इसके बाद छात्राओं ने शहर में स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली। इस अवसर पर प्रकाश चंद, अमित और मदन शर्मा भी मौजूद रहे।