संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पूंडरी। पूंडरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी की ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किशोरी किसी युवक के साथ बिना बताए घर से भाग गई थी। पिता की ओर से दी गई शिकायत के बाद केस दर्ज कर किशोरी और युवक को पुलिस ने काबू कर लिया था। इसके बाद युवक को जेल भेज दिया गया, जबकि किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद बेटी की हरकत से आहत पिता ने 16 सितंबर को ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और फिर चोरी छिपे दो अन्य लोगों की मदद से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान उसने लोगों को बताया कि बेटी ने आत्महत्या कर ली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के सुरक्षा एजेंट परमजीत सिंह की ओर से पूंडरी थाने में दी गई शिकायत में बताया गया कि 22 सितंबर को वह पूंडरी क्षेत्र में मौजूद था। तभी उसे सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की 12 अगस्त को एक युवक रोहित के साथ घर से बिना बताए चली गई थी। इस पर किशोरी के पिता ने आरोपी युवक रोहित के खिलाफ धारा 363 व 366 के तहत पूंडरी थाने में केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने रोहित को 13 अगस्त को गिरफ्तार करके अगले दिन जेल भेज दिया था और किशोरी को उसके परिजनों के हवाले कर दिया था। घटना से किशोरी का पिता बहुत शर्मिंदगी महसूस कर रहा था। समाज में बेइज्जती के कारण 16 सितंबर की रात को उसने नाबालिग बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्यों को खुर्द बुर्द करने की नीयत से उसके शव को दिलबाग सिंह और गुल्लू की सहायता से गांव के श्मशान घाट में जलाकर दाह संस्कार कर दिया। पूछने पर पिता ने गांव में व अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बताया कि बेटी ने 16 सितंबर की रात को आत्महत्या कर ली है। घटना के संबंध में गुप्त सूचना के आधार पर प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने के बाद पुलिस ने पिता समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।