कैथल। जिले में किसान बड़े पैमाने पर गेहूं की खेती करते हैं। इसकी बिजाई का सही समय अक्टूबर से शुरू हो गया है, लेकिन किसानों को अक्सर सही उन्नत किस्म चुनने में समस्या होती है, जिससे उत्पादन कम हो जाता है। बिना वैज्ञानिक विधि अपनाए की गई बिजाई के कारण भी फसल पर रोगों का खतरा बढ़ जाता है और पैदावार प्रभावित होती है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, वैज्ञानिक विधि से बिजाई करने पर फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बढ़ जाते हैं, इसके लिए प्रमाणित बीज का चयन करें, बीज उपचार जरूर करें और खेत की मिट्टी के अनुसार खाद डालें। सुपर सीडर मशीन से लाइन में बिजाई करने पर फसल अवशेष प्रबंधन आसान होता है, हवा का संचार बेहतर रहता है और रोगों का खतरा कम होता है।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि किसान को हर 2 साल के बाद अपने गेहूं के बीज बदलते रहना चाहिए, क्योंकि लगातार एक ही बीज का उपयोग करने से रोगों का खतरा बढ़ जाता है. कुछ किसान लंबे समय तक HD 2968 किस्म का उपयोग कर रहे थे, जिसमें रोगों की समस्या अधिक देखी गई है. इसलिए इस किस्म की बिजाई से बचें, वरना फसल को नुकसान हो सकता है और पैदावार प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक विधि से गेहूं की बिजाई करने पर फसल में बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है, सबसे अहम कदम है बीज का उपचार करना। इसके लिए बावरस्टीन दवाई का उपयोग 2 ग्राम प्रति 1 किलोग्राम बीज की दर से किया जाना चाहिए। बीज उपचार के बाद फसल में प्रमुख बीमारियों का खतरा नहीं रहता और इसके साथ ही पैदावार में भी वृद्धि होती है, जिससे किसान अपनी फसल से अधिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि किसान सुपर सीडर मशीन का उपयोग करके गेहूं की बिजाई करें. इस विधि से न केवल बीज बोना आसान होता है, बल्कि फसल अवशेष का प्रबंधन भी स्वचालित रूप से हो जाता है। सुपर सीडर से गेहूं की बिजाई लाइन में होती है।
जिससे फसल के बढ़ने पर हवा की क्रॉसिंग आसान होती है और बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. इसके साथ ही फसल गिरने की संभावना भी न्यून रहती है, जिससे उत्पादन बेहतर होता है। कृषि विशेषज्ञ का दावा है कसुपर सीडर का प्रयोग करने से खेत की उपजाऊ शक्ति भी बनी रहती है और यूरिया खाद की लागत कम होती है। इससे गेहूं की बिजाई की लागत में भी थोड़ी कमी आती है।
वैज्ञानिक विधि से इस प्रकार की बिजाई करने पर किसान बंपर पैदावार प्राप्त कर सकते हैं, साथ ही खेत प्रबंधन और उत्पादन दोनों में सुधार होता है।
वैज्ञानिक विधि से गेहूं की खेती करने वाले विजय राणा ने बताया कि वह लगभग 15 वर्षों से इसी विधि के अनुसार खेती कर रहे हैं।
पहले के मुताबिक उनकी खेती की पैदावार बढ़ी है। और ज्यादा उर्वरक न डालने से उसकी जमीन और भी ऊपजाउ हुई है। संवाद