ढांड। सोलू माजरा स्थित अदानी साइलो में सोमवार को गेहूं की खरीद विधिवत रूप से शुरू की गई। साइलो मैनेजर अमनदीप सिंह, मंडी प्रधान नसीब सिंह, पूर्व मंडी प्रधान रमेश पबनावा,पूर्व मंडी प्रधान नरेश सहारण ने नारियल फोड़ कर खरीद का उद्घाटन किया। साइलो मैनेजर ने कांटे पर पहुंची गेहूं की पहली ट्राली को तिलक लगाया और किसान को दक्षिणा के तौर पर 1100 रुपये की राशि दी। मैनेजर ने कहा कि सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या नही आने दी जाएगी लेकिन इसके लिए किसानों को भी सहयोग करना होगा। उन्होंने किसानों का आह्वान किया है कि गेहूं को साफ सुथरी एवं सूखा कर ही लाएं जिससे उसे बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। उन्होंने कहा कि सरकार की हिदायतों के अनुसार 12 प्रतिशत नमी वाली गेहूं कह ही खरीद की जाएगी। मंडी प्रधान नसीब सिंह ने साइलो प्रबंधक को कहा कि सभी दस कांटों को प्रतिदिन दिनरात चालू रखें नमी मापक यंत्र और कांटे पर तोल में किसी प्रकार का कोई भेदभाव ना बरतें। आपके लिए सभी किसान एक समान है। ढांड मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र ने बताया कि सायं साढ़े छह बजे तक 694 ट्रालियों के गेट पास जार किए जा चुके थे। जिसमें 6109 टन गेहूं की एजेंसी द्वारा खरीद की जा चुकी है।