संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अनाज मंडियों में गेहूं की आवक में तेजी है, लेकिन उठान धीमा होने के कारण आढ़तियों और किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रविवार तक अनाज मंडियों में 78 हजार 774 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। अब मौसम में पिछले दो दिन से बदलाव हुआ है बारिश की आशंका बनी है। ऐसे में यदि उठान में तेजी नहीं आई तो किसानों व आढ़तियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। उठान ऐसे ही धीमा रहा तो मंडियों में जाम की स्थिति बनेगी।
जिले में विभिन्न एजेंसियों ने गत दिवस तक 78 हजार 774 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। इसमें अब तक करीब 68 हजार मीट्रिक टन गेहूं की उठान ही हो सका है। यह जानकारी डीसी प्रशांत पंवार ने दी है।
उन्होंने बताया कि जिले में गेहूं की कुल आवक में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 23 हजार 939 मीट्रिक टन गेहूं, हैफेड ने 26 हजार 880 और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 27 हजार 955 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है।
उन्होंने बताया कि अगोंध मंडी में 968 मीट्रिक टन, अरनोली में मंडी में 788 मीट्रिक टन, बाबा लदाना में 673 मीट्रिक टन, बलबेहड़ा मंडी में 149 मीट्रिक टन, बाउपुर मंडी में 331 मीट्रिक टन, भूसला मंडी में 132 मीट्रिक टन, चीका मंडी में 10 हजार 115 मीट्रिक टन, फर्शमाजरा में 777, गोहरां में 1446, गुहणा मंडी में 657 मीट्रिक टन, जाखौली मंडी में 950 मीट्रिक टन, कैथल पुरानी मंडी में 2039 मीट्रिक टन, कैथल नई अनाज मंडी में 10298 मीट्रिक टन, कैथल अतिरिक्त नई अनाज मंडी में 12 हजार 249 मीट्रिक टन, कलायत अनाज मंडी में 3402, कमेहड़ी अनाज मंडी में 127 मीट्रिक टन, कांगथली में 1082 मीट्रिक टन, क्योड़क में 808, किठाना में 3963, पूंडरी में 4598 मीट्रिक टन, राजौंद अनाज मंडी में 6970 मीट्रिक टन, रामथली में 644 मीट्रिक टन, रसीना में 83, सांघन अनाज मंडी में 2203 मीट्रिक टन, सीवन में 4431 मीट्रिक टन, सोलू माजरा अनाज मंडी में 9891 मीट्रिक टन गेहूं खरीद की गई।
उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि मंडी में अपनी फसल को पूरी तरह से सुखाकर लाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।