संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/पाई/सीवन। हैफेड और अन्य एजेंसियों की ओर से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने के बाद अब जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक में तेजी आना शुरू हो चुकी है। खरीद शुरू होने से किसानों के चेहरे खिल गए हैंं। अभी तक नमी की वजह से खरीद बंद होने से उनमें निराशा थी।
गौरतलब है कि चार दिन के बाद वीरवार को ही हैफेड की ओर से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू की गई थी। अब शुक्रवार को मार्केट कमेटी ने भी गेहूं की सरकारी खरीद शुरू कर दी है। सरकारी खरीद शुरू होने के बाद किसानों को राहत मिली है। जिले में अब तक 12,596 मीट्रिक टन गेहूं की फसल की आवक हुई है। इसमें से 10,996 मीटि्रक टन गेहूं की खरीद हुई है। इसमें करीब दो हजार एमटी गेहूं का उठान किया जा चुका है।
पाई की अनाज मंडी में खरीद न होने पर जताई नाराजगी
उधर, पाई की अनाज मंडी में खरीद न होने से भारतीय किसान यूनियन के साथ किसानों ने भी नाराजगी जताई। चेतावनी दी है कि यदि कल शनिवार को पाई मंडी में खरीद शुरू नही की गई तो वे पूंडरी-राजौंद मार्ग अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर देंगे। उन्होंने बताया कि हम जिला प्रशासन को कल का दिन देते हैं। नाराजगी जताते हुए कहा कि गेहूं से मंडी भर गई है, परंतु खरीद अधिकारी सोये पड़े हैं।