संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोमवार को जिले में मौसम ने करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत की उम्मीद बंधी। दोपहर बाद रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया और शहरवासियों ने चैन की सांस ली।
पिछले कई दिनों से तापमान और उमस में बढ़ोतरी से लोग बेहाल थे। बारिश ने न केवल मौसम में ताजगी घोल दी बल्कि बच्चों और युवाओं ने इसका जमकर आनंद लिया, वहीं बुजुर्गों ने भी ठंडक का स्वागत किया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर की मुख्य सड़कों पर थोड़ी देर के लिए पानी जमा हुआ, लेकिन इसे लोग मौसम का तोहफ़ा मानकर सहज रूप से लेते दिखे। दुकानों पर छाते की बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई।
कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि बारिश से फसलों को फायदा होगा और किसानों को भी राहत मिलेगी।
23 कैथल। दोपहर के समय रुक-रुक हो रही बारिश के बीच गुजरता बाइक सवार। संवाद