संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष आयुष गर्ग ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा कैथल जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में यात्रा का शुभारंभ गीता भवन से हुआ, जो कमेटी चौक से होते हुए शहीद स्मारक पार्क रोड पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
मुख्य अतिथि ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आज विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। हर घर तिरंगा अभियान न केवल हमारे राष्ट्रीय गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है, बल्कि यह हमें स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों की याद भी दिलाता है।
उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक तिरंगे को गर्व से लहराकर यह संदेश दे रहा है कि भारत की संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए हम सब एकजुट हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल एक ध्वज नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने लहू से इसकी गरिमा को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, और हमारा कर्तव्य है कि हम इसके सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव तैयार रहें। यात्रा के संयोजक वीरेंद्र बत्तरा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सभी का योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर, जिला महामंत्री सुरेश संधू, कैलाश भगत, सुमित गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु गोयल आदि मौजूद रहे।