पूंडरी। पूंडरी में पिछले 10 साल से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सबसे अधिक समस्या शहर की मुख्य मार्केट में है। यह समस्या भी हर चुनाव में बनती है मुद्दा, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका है।
कस्बा पूंडरी जो कि पूंडरीक ऋषि के नाम से जाना जाता है। पूंडरीक ऋषि के नाम से पूंडरीक तीर्थ भी है, जो कि पिछले कई वर्षों से जल को तरस रहा है और इसके विपरीत पूंडरी शहर की सड़कें व गलियां थोड़ी सी बारिश के बाद जलभराव नजर आता है।
पूंडरी शहर के मुख्य बाज़ार, सीएचसी व पूंडरी शहर में जाने के लिए बसंती माता मंदिर के सामने से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों की मानें तो बसंती माता व पूंडरीक तीर्थ चौक पर थोड़ी सी बारिश होने पर शहर में प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है। इस चौक के चारों तरफ दुकानें हैं। सड़क पर पानी जमा होने से शहर का प्रवेश रुक जाता है।
तब पानी उतरने के इंतज़ार में घंटों इंतज़ार करना पड़ता है या फिर गंदे पानी से गुजरने को विवश होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मुद्दा वर्षों पुराना है। जिस पर किसी भी प्रतिनिधि ने संज्ञान नहीं लिया। जबकि हर विधानसभा चुनाव में पानी निकासी का मुद्दा उठता रहा है लेकिन इस पर काम नहीं हुआ।
यही नहीं पूंडरी की सभी मुख्य सड़कों पर पानी ही पानी नजर आता है। मुख्य बस स्टैंड के सामने वाली मार्केट, बस स्टैंड से शहीद गिरधर लाल आहलूवालिया चौक, हुड्डा मार्केट में बरसात में पानी जमा होने से दुकानदारों के साथ साथ लोगों को भी भारी परेशानी
होती है। लोगों का कहना है कि नगरपालिका ने तो जैसे नालों की सफाई न करने की जैसे कसम ले रखी हो। सभी नाले व नालियां ओवर फ्लो रहते हैं। पूंडरी शहर भगवान भरोसे है। संवाद
बारिश में बढ़ जाती है दिक्कतें
बारिश के दौरान पूंडरी शहर पानी का शहर बन जाता है। थोड़ी सी बारिश के बाद शहर की सड़कों में जलभराव से दिक्कतें बढ़ जाती हैं। शहर की सड़कों पर बारिश के दिनों में जैसे निकलना ही मना हो जाता है। -अनिल आर्य, नगर निवासी।
पानी निकासी न होने से होती है परेशानी
श्मशान घाट के सामने वाली हुडा मार्केट में बारिश होने पर इतना पानी जमा हो जाता है कि कई कई दिनों तक पानी खड़ा रहता है। पानी निकासी न होने से बहुत परेशानी होती है। यह सालों की समस्या है। -सुरेश कुमार, दुकानदार।
नाले और नालियों की सफाई नहीं होती
शहर की नाले व नालियों की सफाई न होने के साथ पानी निकासी की व्यवस्था अच्छी नहीं है। पानी निकासी का मुद्दा पिछले एक दशक से है लेकिन इसका समाधान नहीं ढूंढा जा रहा है। बारिश में घर बैठना बेहतर लगता है। निरंजन, आचार्य।
पूंडरी में मेरे कार्यकाल में हुए सबसे अधिक विकास कार्य करवाए गए हैं। इसके तहत शहर में कई विकास कार्य करवाए गए हैं। नगर पालिका के अधीन आने वाली इस सड़क को ऊंचा उठाने के लिए योजना बनाई गई।
-रणधीर गोलन, विधायक, पूंडरी।