संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कैथल। पिछले कई दिनों से जारी झमाझम बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया है। इससे राहगीरों को मुश्किलें आ रही हैं। बारिश के पानी की वजह से गड्ढे दिखाई नहीं देते, तो वे हादसों का शिकार हो जाते हैं। दूसरी ओर सीवन में सब्जियों और धान को नुकसान पहुंचा है।
सोमवार को भी आसमान पर काले बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया। सीवन नगर की सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। जगह-जगह जन स्वास्थ्य विभाग और गैस पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढों में बरसाती पानी भरने से सड़कें धंस गईं और गड्ढे बन गए। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
लगातार बारिश ने किसानों की उम्मीदों को भी गहरा आघात पहुंचाया है। किसानों सुरेंद्र सरदाना, राजेश रहेजा, अंतरजीत सिंह, जरनैल सिंह, नवदीप सिंह और कुलदीप सिंह ने बताया कि सब्जी की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। तोरी, टमाटर, करेला और खीरा जैसी बेल वाली सब्जियों को अधिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा धान की 1509 किस्म, जिसे अगेती किस्म माना जाता है, पर भी बारिश का बुरा असर पड़ा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बरसात का यह सिलसिला कुछ और दिन जारी रह सकता है। ऐसे में किसानों की बची हुई फसलें भी खतरे में हैं। लगातार खराब मौसम से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है।