कलायत। सिमला गांव को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोडऩे वाली मुख्य सडक़ पर लगातार जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ग्रामीणों और स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हल्की बारिश में भी सडक़ पर घुटनों घुटनों तक पानी जमा हो जाता है।
गंदा पानी कई दिनों तक जमा रहता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे बदतर स्थिति इसी सडक़ पर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने है। जहां हर समय घुटनों तक पानी भरा रहता है। इससे छात्रों और शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में अत्यधिक कठिनाई होती है। ग्रामीण चरण सिंह, रघुवीर और मनप्रीत आदी ने बताया कि इस जर्जर सडक़ की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को कई बार सूचित किया जा चुका है लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग की उदासीनता के कारण उनकी समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। सरपंच रामचंद्र नेबताया कि सडक़ निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से लोक निर्माण विभाग को पत्राचार किया गया है। विभाग के अधिकारियों ने सडक़ की जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है। संवाद