बरसात से जमा हुए पानी के बाद मकानों में आई दरारें आ गई हैं। इससे खफा लोगों ने प्रशासन के विरुद्ध गहरा रोष प्रकट किया। लोगों का आरोप था कि नगरपालिका प्रशासन के कर्मचारी को मौके पर बुलाकर दिखाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते दुकानों व मकानों में पानी भरने से दरार आ गई है। पानी निकासी की अभी तक कोई व्यवस्था नही की गई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ लगती ब्राह्मण बस्ती निवासी सतपाल, सतबीर, कृष्ण, शीशपाल, बिशनदास, प्रिंस, परीक्षित, काला, शिव कुमार ने बताया कि असंध रोड़ पर सड़क के किनारे नाले की अपेक्षा केवल पाइप दबाकर पानी निकासी की व्यवस्था की हुई है, जिससे पानी निकलना नामुमकिन है और थोड़ी सी ही बरसात होने पर पानी दुकानों व घरों में भर जाता है।
यह सिलसिला पिछले लंबे समय से चल रहा है। इस बारे में उन्होंने नगरपालिका को कई बार अवगत भी करवाया है। इतना ही नहीं बस्ती का सारा पानी स्कूल में भी भर जाता है। जिससे स्कूल के भवन को नुकसान होने का अंदेशा बना रहता है। इन लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि उनकी बस्ती के पानी निकासी की व्यवस्था की जाए।