राजौंद। शहर के वार्ड नंबर 7 में पार्षद कर्मवती के मकान के पास सीवरेज पाइपलाइन दबाने के लिए की गई खुदाई के बाद जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति गंभीर हो गई। नालियों का पानी पाइपलाइन के लिए खोदी गई खाई में रिसता रहा, जिसके कारण वहां करीब चार फीट गहरी खाई बन गई और उसमें पानी भर गया। इससे पार्षद के मकान को भी नुकसान का खतरा पैदा हो गया और मकान गिरने से बाल-बाल बचा। वार्ड पार्षद कर्मवती ने बताया कि उनके मकान के पास सीवरेज पाइपलाइन दबाते समय नाली को ठीक नहीं किया गया और पानी की निकासी बंद हो गई। इसके कारण नालियों का सारा पानी पाइपलाइन के लिए खोदी गई खाई में ही रिसता रहा। लगातार पानी भरने से मिट्टी धंसती गई और देखते ही देखते वहां काफी गहरा गड्ढा बन गया। इससे उनके मकान की नींव को भी खतरा पैदा हो गया। पार्षद ने बताया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने स्वयं जेसीबी मशीन लगवाकर खाई को खुदवा कर उसमें भरे पानी और धंसी मिट्टी की स्थिति को ठीक करवाया और खाई को बंद करवाया। पार्षद ने कहा कि सीवरेज पाइपलाइन डालने के बाद संबंधित विभाग को नालियों की पानी निकासी भी सुनिश्चित करनी चाहिए थी, ताकि लोगों के मकानों और सड़कों को नुकसान से बचाया जा सके।