संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वीरवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। जींद रोड, अमरगढ़, गामड़ी, भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड और नई अनाज मंडी क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। इससे राहगीर परेशान होते रहे।
बारिश के चलते शहर में कई स्थानों पर सीवरेज जाम होकर ओवरफ्लो हो गया, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और कई दुकानों में भी पानी घुस गया। दुकानदारों का कहना है कि हल्की बारिश में ही यह स्थिति बन रही है, ऐसे में मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। मुख्य तलाई बाजार सहित कई इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने कई बार जिला प्रशासन को समस्या से अवगत कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। छात्रावास रोड स्थित कपड़ा व्यापारी संजय शर्मा ने बताया कि बारिश का पानी दुकान में घुसने से सामान खराब हो रहा है। हल्की बारिश भी व्यापार को प्रभावित करती है, जिससे ग्राहकों की संख्या घट जाती है और सफाई पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।
नई अनाज मंडी के दुकानदार अभय ने कहा कि जलभराव के कारण दुकान के आसपास कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे लोगों के फिसलने का खतरा बना रहता है। गड्ढों में पानी भर जाने से वे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर चोटिल हो जाते हैं। स्थानीय निवासी सीमा देवी ने बताया कि बारिश के कारण सड़कों की हालत खराब हो गई है, जिससे बच्चों को स्कूल छोड़ने के दौरान वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जींद रोड और भगत सिंह चौक पर वाहन चालक दीपक ने कहा कि गड्ढों में पानी भरने से दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है। विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को पैदल चलने में दिक्कत होती है। उन्होंने प्रशासन से नालियों और सीवर की नियमित सफाई के साथ सड़कों की मरम्मत और जल निकासी के प्रबंध करने की मांग की।
05 कैथल के ट्रक मार्किट में हुआ जलभराव व गुजरते राहगीर। संवाद