कैथल। पुलिस ने चार अप्रैल को चीका में मोबाइल की दुकान पर फायरिंग करने वाले बदमाशों में से मुख्य आरोपी कीर्ति नगर कुरुक्षेत्र निवासी रजत को मंगलवार रात 12 बजे ढांड में हुई मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। ढांड क्षेत्र में दबिश देने के दौरान आरोपी ने बाइक पर भागने की कोशिश की और केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस पर चार राउंड फायर किए।
इसके बाद पुलिस के जवाबी हमले में बदमाश के पैर में गोली मारी और वह बाइक से गिर गया। इस दौरान पुलिस ने बदमाश को उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बदमाश पर पांच हजार रुपये का इनाम भी रखा हुआ था। दुकानदार से व्हाटसएप काल के माध्यम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल .32 बोर व 2 कारतूस और 4 खाली खोल बरामद किए गए हैं।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चानना रोड स्थित गिल मोबाइल शाप पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी।
हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इस बारे में थाना चीका में मामला दर्ज कर लिया गया। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम की टीम गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में वांछित आरोपी कीर्ति नगर कुरुक्षेत्र निवासी रजत को काबू किया गया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी रजत पुनः कोई वारदात करने की फिराक में था। 14 अप्रैल को रात के समय पुलिस टीम की ओर से गुप्त सूचना के आधार पर ढांड क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां आरोपी बाइक पर भागने लगा तथा केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस पर लगभग चार राउंड फायर किए गए। पुलिस द्वारा नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया।
रजत को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया है। आरोपी रजत के खिलाफ पूर्व में जिला कुरुक्षेत्र व करनाल में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन आरोपी रजत।