जिला नागरिक अस्पताल में कतार में लगे मरीज। संवाद
कैथल। भीषण गर्मी का सीधा असर अब आम जनता के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। मौसमी बीमारियों के कारण इन दिनों सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की तादाद बढ़ गई है। एक तरफ लोग गर्मी और तपिश से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। दवाओं के लिए दो से तीन घंटे तक लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
सुबह काउंटर खुलने से पहले ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष और फिर दवा वितरण काउंटर तक, हर जगह भारी भीड़ उमड़ रही है। मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने और अंत में दवा काउंटर से दवाइयां लेने में ही लोगों का पूरा दिन निकल रहा है। पारा 42 डिग्री के पार पहुंचने के कारण अस्पतालों में सबसे ज्यादा मरीज उल्टी, दस्त, पेट दर्द, तेज बुखार और डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) की शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। डॉक्टर जितेंद्र के अनुसार दूषित खान-पान और तेज धूप के सीधे संपर्क में आने से लोग फूड पॉइजनिंग और हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में कतार में लगे मरीज। संवाद