संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। 1509 किस्म के धान के भाव कम होने के साथ अब पीआर धान की भी खरीद नहीं हो रही है। लगातार किसानों को झटका लग रहा है। वहीं, सरकारी खरीद न होने से किसान मायूस हैं। दरअसल, पहले जो सरकारी खरीद 23 सितंबर से शुरू हो जानी थी, वह अब एक अक्तूबर से शुरू होगी।
गौरतलब है कि अनाज मंडियों में इस समय किसानों के लिए बड़ी परेशानी ये है कि बारीक धान के भाव कम मिल रहे हैं और पीआर की खरीद नहीं हो रही। 1509 धान के भी भाव भी पिछले कई दिनों से नही बढ़ रहे। वीरवार को 1509 धान का भाव मात्र 2730 रुपये प्रति क्विंटल तक मिला। कैथल की अनाज मंडी में वीरवार को 15 हजार क्विंटल 1509 धान की आवक हुई, जो नमी के अनुसार सामान्य 2300 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल बिकी।
इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले सप्ताह 1509 के भाव तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल थे। खरीद शुरू होने का इंतजार कर रही है। इससे किसानों को फसल खराबे से लेकर आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसान मियां, गजे सिंह, सुनील, राजू ने बताया कि पीआर धान का कोई खरीदार नहीं है। वहीं, राइस मिलर्स भी हड़ताल की कह रहे है।
इससे साफ है कि एक अक्तूबर को भी सरकारी एमएसपी पर धान की खरीद होना मुश्किल है। इससे किसानों की छह माह की कमाई का बिल्कुल नाश हो रहा है। पीआर धान के प्राइवेट भाव मात्र 1900 से 1950 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं, लेकिन किसान इन रेटों पर बेचने के लिए तैयार नहीं है।
पीआर किस्म के धान की खरीद होगी एक अक्तूबर से ः अतिरिक्त अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान सोहन ढुल ने बताया कि मंडी में पीआर व 1509 धान की आवक तो हो रही है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार भाव कम है। पीआर धान की सरकारी खरीद पहले 23 सितंबर से होनी थी, लेकिन इसका समय आगे बढ़ा दिया है। अब एक अक्तूबर से होगी। 1509 धान 2730 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं। पीआर धान का सरकारी भाव 2320 रुपये प्रति क्विंटल है।