संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत स्थित सरकारी खाद-बीज बिक्री केंद्र पर किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान की कटाई के बाद और गेहूं की बिजाई के महत्वपूर्ण समय में, अलग-अलग गांवों से आए किसान खाद और बीज के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद कई किसानों को सामग्री नहीं मिल पा रही है।
किसान विनोद, तरसेम, राजेश आदि का कहना है कि उनके खेतों में धान कट चुका है और गेहूं की बुआई में अब देरी हो रही है। इस महत्वपूर्ण समय में घंटों इंतजार करने के कारण वे न तो अपने खेतों में बुआई का काम कर पा रहे हैं और न ही अनाज मंडी में पड़े अपने धान की फसल की ठीक से देखभाल कर पा रहे हैं। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही बुआई में हो रही देरी का सीधा असर उनकी फसल की पैदावार पर पड़ेगा।
किसानों ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि वे इस समस्या का तत्काल समाधान करें और खाद-बीज खरीद प्रक्रिया को सरल बनाते हुए आवश्यक वस्तुओं को उनके अपने गांव में ही उपलब्ध कराएं।
किसानों ने कहा कि यदि समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं हुआ, तो गेहूं की बिजाई में और देरी होगी, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।