संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगरपालिका कलायत के लिए अध्यक्ष व पार्षदों का चुनाव शांतिपूर्वक रहा। कुल 78.8 प्रतिशत मतदान के साथ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे सात व पार्षद पद के 37 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया।
मतदान में कलायत के कुल 14 हजार 577 मतदाताओं में से 11 हजार 575 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान के शुरूआती दौर में कुछ वार्डों में छुटपुट आपसी तनातनी रही जिसे वार्ड के समझदार लोगों ने दूर कर दिया। वार्ड नंबर 13 में एक पक्ष द्वारा मतदाताओं पर दबाव बनाने को लेकर दोनों पक्षों के उम्मीदवारों में लंबी बहस रही जिसे वार्ड के ही मतदाताओं ने सुलझा दिया।
इसी तरह से वार्ड 15 व वार्ड 10 में भी मतदान की शुरूआती दौर में माहौल तनावपूर्ण बन गया था। वार्ड नंबर 10 में प्रत्याशियों के स्टाल पर लगाए गए बैनरों को लेकर माहौल गर्मा गया। अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे एक उम्मीदवार की दुकान पर लगे फ्लेक्स को हटवाने के लिए प्रशासन को मशक्कत करना पड़ी।
उम्मीदवार का कहना था कि यह होर्डिंग उनके अपने प्रतिष्ठान पर लगा है और बूथ से सौ मीटर की दूरी पर है। बाद में स्थानीय प्रशासन ने वार्ड 10 में लगे सभी उम्मीदवारों के चुनावी स्टाल से बोर्ड हटवा दिए गए। इसी तरह से वार्ड 2 में भी मतदान करवाने के लिए बार बार आ रहे एक व्यक्ति को लेकर दूसरे उम्मीदवार के एजेंट ने विरोध दर्ज करवाया। सुनवाई न होने पर एजेंट द्वारा वाकआऊट कर लेने से मामला थोड़ा गर्म हो गया था जिसे तभी सुलझा दिया गया।
14 वार्डों में पार्षद, 16 में अध्यक्ष पद के लिए मतदान
पार्षदों के लिए 14 वार्डों में चुनाव का मतदान हुआ जबकि 16 वार्डों में अध्यक्ष पद के लिए वोट पड़े। वार्ड-8 व 16 में पहले से ही सर्वसम्मति हो चुकी है। वार्ड-10 में सबसे अधिक मतदान कर सूचना है। यहां कुल 917 वोट हैं, जिनमें 805 पोल हुए। मतदान में 408 पुरुषों व 397 महिलाओं ने मतदान किया जो कुल मतों का 87.78 प्रतिशत बैठता है। नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह से सकारात्मक बना रहा। चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी आपसी सौहार्द व भाईचारे को अधिमान देते नजर आए। कलायत नगरपालिका में चुनाव लड़ रहे कुल 44 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लिखने के लिए 14 हजार 577 मतदाता सुबह से ही तैयार रहे। अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों ने अपने अपने मतदान केंद्र पर मतदान किया।