सोलूमाजरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को बारिश के पानी निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर रोष जताया और समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीण नरेश कुमार, पाला राम, सतपाल, रमेश कुमार, अजय कुमार, सुरजन, विजय कुमार, राजेंद्र सिंह, जसपाल, विक्रम सिंह, रवि कुमार, सोनू, सुमित कुमार ने बताया कि बारिश का मौैसम शुरू होते ही बाल्मीकि बस्ती की गलियों में पानी भर जाता है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क से बाल्मीकि बस्ती में आने वाली गली में चार फुट तक गंदा पानी भरा हुआ है। पानी के ज्यादा दिन ठहराव के कारण उसमें से बदबू उठ रही है। वहीं बस्ती के लोगों को मजबूरन गंदे पानी से गुजरना पड़ रहा है। खेतों और तालाब में जहरीले सांपों के होने की आशंका से ग्रामीण भयभीत है। उनका कहना है कि क्षेत्र के लोग पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए कई बार बीडीपीओ को गुहार लगा चुके है, लेकिन आश्वासन ही मिला। उनका कहना है कि बस्ती के लोगों को गंदे पानी के कारण नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। अगर हालात यही रहे तो एक दिन बस्ती को खाली कर पलायन करने को मजबूर होना पड़ेगा।
बीडीपीओ ढांड श्याम लाल शर्मा ने कहा कि गांव में जहां पानी की निकासी की जा सकती है वहां ग्रामीणों ने अवैध तौर से कब्जे किए हुए हैं। खेतों में पानी किसान निकालने नहीं दे रहे हैं। ऐसे में प्रशासन के पास पानी निकासी का कोई अन्य विकल्प नहीं है। बुधवार को भारी पुलिस फोर्स को साथ लेकर पानी को खेतों में निकालने का प्रयास किया जाएगा।