संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के खुराना रोड पर बने डंपिंग यार्ड से नाराज पांच गांवों के ग्रामीण सोमवार को सड़कों पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यार्ड के कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल गई है। कचरे के ढेर और आसपास घूमते पशुओं की भरमार से वातावरण दूषित हो गया है, जिससे लोगों का जीवन कठिन हो गया है।
प्रदर्शन में पूर्व सरपंच ओम प्रकाश खुराना, सरपंच गुरदेव सिंह, जगजीत सिंह, ईश्वर सिंह, रमेश और ऋषिपाल सहित कई ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने कहा कि न प्रशासनिक अधिकारी और न ही सत्ताधारी दल के नेता इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दे रहे हैं। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने नगर परिषद की कचरा ढोने वाली गाड़ियों को रोक दिया और डंपिंग यार्ड को तुरंत हटाने की मांग की।
नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यार्ड के कारण पहले भी किसानों की लगभग 150 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी है, फिर भी अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
कुछ दिन पूर्व इसी मुद्दे पर धरना भी दिया गया था, तब अधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित भी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि यह समस्या अब केवल गंदगी का मुद्दा नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी गंभीर चुनौती बन गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि डंपिंग यार्ड को यहां से हटाना ही एकमात्र समाधान है। इस मौके पर राजा राम, अमृत लाल, राजकरण, जयपाल ढांडा, राजेंद्र
ढांडा, कृष्ण ढांडा समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
शहर का डंपिंग यार्ड खुराना रोड पर बनाया गया है। शहर का कचरा डालने की अन्य कोई जगह नहीं है और यहां लंबे समय से यार्ड बना हुआ है। इस समस्या के समाधान के लिए आला अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। आगे जो निर्णय लिया जाएगा, उसी के अनुसार काम होगा। -दीपक कुमार, ईओ, नगर परिषद, कैथल।