कैथल। जिले के गांव पाड़ला में महिला और उनके भाई पर गांव के व्यक्ति ने हमला कर दिया। इसमें युवक के सिर और हाथ पर चोटें आई हैं। हमले की शिकायत पुलिस को की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत में गांव पाड़ला निवासी राजदुलारी ने बताया कि वे गृहिणी हैं। उनके घर के साथ में ही ताऊ ससुर के लड़के देव उर्फ काला का मकान है, जो कि शराबी व झगड़ालू किस्म का व्यक्ति है। पिछले 10 से 15 दिनों से भाई कंवरपाल निवासी बाल पबाना घर आया हुआ है। 14 नवंबर को शाम करीब छह बजे कंवरपाल व देव उर्फ काला के घर दोनों इकट्ठे बैठकर शराब पी रहे थे। उसके बाद भाई कंवरपाल अपने घर पर आकर सो गया था। उसके कुछ देर बाद देव उर्फ काला हमारे घर के सामने आया और गाली देते हुए ईंटों से दरवाजे पर हमला कर दिया लेकिन हम अपने बचाव के लिए घर से बाहर नहीं निकले। उसके बाद कोठे पर चढ़कर गालियां देने लगा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि फिर 15 नवंबर को सुबह करीब 5:00 बजे उनका भाई कंवरपाल घर में ही बने पशुओं के बाड़े का ताला खोलने लगा तो देव उर्फ काला ने भाई के ऊपर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। उसके बाद लड़ाई झगड़े का शोर सुनकर वह बाहर आई तो देखा कि आरोपी उनके भाई पर जोर-जोर से डंडे/लाठी के वार करके चोटें मार रहा है। उसके बाद छुड़वाने गई तो देव उर्फ काला ने मेरे ऊपर भी डंडे से हमला कर दिया। पड़ोसियों के घर घुसकर अपना बचाव किया लेकिन उसके बाद भी आरोपी बार-बार वहीं पर चक्कर लगाने लगा। आरोपी ने मेरे भाई पर दोबारा हमला कर दिया।
हमले की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।- सुशील कुमार, डीएसपी