फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सफाई में लगे वाहन किए पंचर, पार्षदों से अभद्रता

विज्ञापन
06-कैथल। जेसीबी मशीन की निकाली गई हवा। - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
कैथल। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन की ओर से बुधवार को शुरू कराया गया अभियान आगे नहीं बढ़ पाया। कारण कि लघु सचिवालय में खड़ी ट्रैक्टर ट्रालियों और जेसीबी को पहले ही पंचर कर दिया गया। दूसरी ओर सफाई अभियान में प्रशासन का समर्थन कर रहे दो पार्षदों के साथ अभद्रता करने और तीन पार्षदों के घरों के सामने मृत पशु फेंकने का मामला सामने आया है। ऐसे में पार्षदों ने वीरवार की शाम बैठक कर कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी। साथ ही शुक्रवार से एकजुट होकर सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन

सफाई और दमकल कर्मियों की हड़ताल नौवें दिन वीरवार को भी जारी रही। ऐसे में एक ओर जहां प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कर सफाई व्यवस्था सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं प्रदर्शनकारियों की ओर से इसका विरोध किया जा रहा है। बीते रोज प्रशासन ने जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रालियों की मदद से शहर के कुछ इलाकों में सफाई अभियान चलाया था। इसके बाद वाहनों को लघु सचिवालय में पुलिस के वाहनों के आसपास खड़ा कर दिया गया था, लेकिन वीरवार की सुबह सभी वाहनों के टायरों में पंचर किए हुए मिले। इनके सूए घोंपे हुए थे। ऐसे में जेसीबी का ट्यूब नहीं मिलने से सफाई अभियान नहीं चल सका।
दूसरी ओर चंदाना गेट पर सफाई कार्य में लगे पार्षद लीलू सैनी और राज सैनी की ओर से हड़ताली कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप लगाया गया है। इसके बाद शाम को लोनिवि विश्राम गृह में सभी पार्षदों की बैठक बुलाई गई, जिसमें तीन पार्षदों के घरों के बाहर मृत पशु फेंकने और दो से अभद्रता करने के मामलोें की निंदा की गई।
विज्ञापन

पार्षदों ने कहा कि वे कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन करते हैं, लेकिन लीलू सैनी और राज सैनी के साथ कुछ कर्मचारियों की ओर से की गई अभद्रता और तीन पार्षदों के घरों के बाहर मृत पशु फेंके जाने की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस में शिकायत देने और शुक्रवार को एकजुट होकर कचरा उठवाने का निर्णय लिया।
बैठक में नप अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप गर्ग, पार्षद विजय गर्ग, दीपक शर्मा, प्रतिनिधि रजत थरेजा, लीलू सैनी, शमशेर फौजी, शमशेर सैनी, सुरेंद्र कुमार, महेश गोगिया, राज सैनी, सुशीला शर्मा, रिंकू सैनी, मोहन लाल शर्मा, वीरेंद्र बत्तरा आदि मौजूद थे। इस संबंध में ईओ कुलदीप मलिक ने कहा कि पार्षदों के घरों के बाहर पशु फेंके जाने, उनके साथ अभद्रता करने और नगर परिषद के वाहनों को क्षति पहुंचाने के मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन को फेल करने की है साजिश
कर्मचारी नेता शिव कुमार ने कहा कि पार्षदों के घरों के बाहर पशु फेंके जाने और वाहनों को पंचर किए जाने जैसी घटनाओं का संगठन विरोध करता है। उन्होंने इसमें शरारती तत्वों की साजिश बताई, जो आंदोलन को फेल करना चाहते हैं।
एसडीएम बोले-
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि अज्ञात व्यक्तियों की ओर से लघु सचिवालय में खड़े वाहनों को पंचर किया गया है। इस कारण वीरवार को सफाई अभियान नहीं चलाया जा सका। प्रशासन द्वारा संसाधन ठीक करवाकर फिर से सफाई करवाई जाएगी।
लघु सचिवालय की सुरक्षा पर भी सवाल
लघु सचिवालय में पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारी बैठते हैं। साथ ही जगह-जगह सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद परिसर में खड़े वाहनों को पंचर कर दिया गया, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। ऐसे में लोगों का कहना है कि जब लघु सचिवालय में ही सुरक्षा का यह हाल है तो शहर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
धरना जारी, बेमियादी
आंदोलन की चेतावनी
नौवें दिन भी कर्मचारियों ने ब्लॉक कमेटी के प्रधान बिट्टू बहोत की अध्यक्षता में धरना दिया। मंच का संचालन कपिल कल्याण ने किया। आंदोलनरत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ की राज्य कमेटी सदस्य जयप्रकाश टीक, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव मास्टर रामपाल शर्मा, ब्लॉक सचिव शिवदत्त शर्मा, टूरिज्म कर्मचारी संघ के राज्य चेयरमैन मित्रपाल राणा, सीटू की राज्य सचिव शकुंतला व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेश हरित ने कहा कि सरकार द्वारा मांगों को मानने की बजाय तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। इसके चलते हड़ताल को 29 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। यदि शीघ्र ही बातचीत द्वारा मांगों को पूरा नहीं किया गया तो बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें