कैथल। गांव बरटा के पास जम्मू-कटरा हाईवे पर शुक्रवार को पंजाब के नकोदर दरबार से माथा टेककर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को गलत दिशा से सामने से आ रही एक अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और सड़क किनारे लगे एंगल से जा टकराई जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कलायत निवासी 48 वर्षीय निशा गुप्ता की मौत हो गई, जबकि सजीव यादव, सरिता धीमान और रिंकू धीमान घायल हो गए और मोनिका रानी को हल्की चोट आई है।
घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने निशा गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। सरिता धीमान को सिर में चोटें आई हैं। उनका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि रिंकू धीमान के हाथ व माथे पर चोट लगी है, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। घायल संजीव यादव की नाक की हड्डी टूट गई है। उन्हें उपचार के लिए पटियाला रेफर किया गया।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में कलायत के वार्ड नंबर-10 निवासी मोनिका रानी ने बताया कि 17 जुलाई की रात वह सजीव यादव, सरिता धीमान, निशा गुप्ता और रिंकू धीमान के साथ आल्टो कार (एचआर-83-3105) में नकोदर दरबार से माथा टेककर कलायत लौट रहे थे। कार संजीव यादव चला रहे थे, जबकि मोनिका आगे की सीट पर बैठी थीं। सभी श्रद्धालु रास्ते में भजन-कीर्तन करते हुए और ताली बजाते हुए लौट रहे थे। रात करीब दो से सवा दो बजे बरटा रेस्ट हाउस के पास सामने से तेज रफ्तार में एक गाड़ी गलत दिशा से आती दिखाई दी। आरोप है कि चालक ने बिना हॉर्न दिए लापरवाही से उनकी कार में सीधी टक्कर मार दी। हादसे के दौरान रिंकू धीमान चलती कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, महिला ने तोड़ा दम
मोनिका रानी ने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर मौके पर आया लेकिन निशा गुप्ता की गंभीर हालत देखकर वाहन समेत भाग गया। वे वाहन का नंबर या मॉडल नोट नहीं कर सके। राहगीरों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को निजी अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने निशा गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। परिवार में पति के अलावा उनकी दो बेटियां व एक बेटा है।
हर महीने नकोदर दरबार जाते थे श्रद्धालु
शिकायतकर्ता के अनुसार वे हर महीने पंजाब के नकोदर दरबार में माथा टेकने जाते थे और पहले भी कई बार इस यात्रा पर जा चुके थे। शुक्रवार सुबह घर से निकले थे। वापसी के दौरान मलेरकोटला में टोल प्लाजा से पहले करीब 10 से 15 मिनट चाय पीने के लिए रुके और फिर कलायत के लिए रवाना हो गए। रास्ते में सभी श्रद्धालु भजन गाते और ताली बजाते हुए लौट रहे थे। करीब आधे घंटे बाद सामने से आई तेज रफ्तार गाड़ी से हादसा हो गया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
डीएसपी सुशील कुमार ने बताया कि निजी अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सगतपुरा के एएसआई सुरेंद्र अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शी मोनिका रानी के बयान दर्ज किए। बयान और अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दरबार में अंतिम बार प्रसाद लेकर खड़ी निशा गुप्ता। परिजन
दरबार में अंतिम बार प्रसाद लेकर खड़ी निशा गुप्ता। परिजन
दरबार में अंतिम बार प्रसाद लेकर खड़ी निशा गुप्ता। परिजन