संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की सब्जी मंडी में स्थानीय सब्जियों की आवक शुरू होते ही विभिन्न हरी सब्जियों के दामों में गिरावट दर्ज की गई है। सर्दी का मौसम पूरी तरह जमने लगा है और इसी के साथ आसपास के गांवों से रोजाना ताजी सब्जियां बड़ी मात्रा में मंडी में पहुंच रही हैं। बढ़ी हुई सप्लाई के चलते बाजार में सब्जियों के दाम किफायती हो गए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
सबसे अधिक गिरावट मटर के दामों में देखने को मिल रही है। वर्तमान में मटर 100 रुपये में 4 किलो तक उपलब्ध है, जबकि कुछ दिन पहले यही मटर 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। स्थानीय स्तर पर आवक बढ़ने के बाद अब मटर के दाम स्थिर हो गए हैं। इसी तरह गोभी 10 रुपये प्रति किलो, बैंगन 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं मूली, गाजर, मेथी और पालक जैसी हरी सब्जियों के भावों में भी 20 से 30 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है।
सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल बना रहा और सब्जियों की आवक इसी तरह बनी रही, तो आने वाले दिनों में भी सब्जियों के दाम नियंत्रण में रहेंगे। मंडी में बढ़ी हुई चहल-पहल इस बात का संकेत है कि सर्दियों की ताजी और पौष्टिक सब्जियां अब आम जनता की थाली तक आसानी से पहुंच रही हैं।
मंडी के दुकानदार राहुल ने बताया कि इस समय खेतों से भरपूर मात्रा में सब्जियां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण मटर 100 रुपये में 4 किलो आराम से मिल रहा है। गोभी 10 रुपये किलो और बैंगन 40 रुपये किलो बिक रहा है। आवक अच्छी होने के चलते फिलहाल कीमतें नीचे बनी रहने की उम्मीद है।
महिलाओं के खिले चेहरे
n
गृहिणी अंजली ने बताया कि सब्जियों के भाव इस समय काफी अच्छे हैं। सर्दियों की सब्जियां सस्ती मिल रही हैं, इसलिए वह मटर, गाजर और पालक अधिक मात्रा में खरीद रही हैं।
n
गृहिणी काजल ने कहा कि पिछले कुछ समय से सब्जियां काफी महंगी थीं, लेकिन अब दाम घटने से रसोई का बजट संभल गया है। मटर और हरी सब्जियां किफायती दामों पर मिल रही हैं, जिससे घर के सभी लोग खुश हैं।
n
गृहिणी पूजा ने बताया कि सर्दियों की सब्जियां सस्ती होने से घर की रसोई पर बोझ कम हुआ है। पहले महंगे दामों के कारण सीमित सब्जियां खरीदनी पड़ती थीं, लेकिन अब मटर, गाजर और पालक जैसी हरी सब्जियां खुलकर ली जा रही हैं।