21-सीवन। दुकानों पर रखी सब्जियां।
- फोटो : Kaithal
महंगाई के कारण आम आदमी पहले से ही बहुत परेशान हैं, अब सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी होने से परेशानी और बढ़ गई है। बारिश के कारण सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम आदमी का रसोई का बजट बिगड़ गया है। पहले रसोई गैस, तेल और दालों ने लोगों की जेब ढीली की हुई थी। अब सब्जी के दामों ने भी आदमी की कमर तोड़ दी है। सब्जी विक्रेता बलजीत ने बताया कि सब्जी के दाम बढ़ गए हैं। ऐसा बारिश के कारण हुआ है। बारिश के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है और किसान लोकल सब्जी को तोड़ नहीं पा रहे हैं। ऐसे में सप्लाई कम होने के कारण दामों में बढ़ोतरी हुई है। तोरई के दाम भी 30 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 40 रुपये, टमाटर 15 से 30 रुपये, शिमला मिर्च 40 से बढ़कर 60 रुपये, बैंगन 20 रुपये से 30 रुपये और घीया 15 रुपये से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त अन्य सब्जी में गोभी जो पहले 50 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही थी, वह 70 रुपये तक पहुंच गई है। भिंडी के दाम 20 से बढ़ कर 30, खीरा 20 से 30, करेला 20 से 40, मटर 70 रुपये से 100 रुपये प्रति किलो, हरी मिर्च 30 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। फलों व आलू और प्याज के दाम नहीं बढ़े हैं।