फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: डीएवी स्कूल में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं

Sat, 09 Aug 2025 01:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
05 सीवन में डीएवी स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेते बच्चे। स्कूल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


सीवन। डीएवी पब्लिक स्कूल, सीवन में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पारंपरिक उत्साह, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना से हुई, जिसके पश्चात राखी बनाना, पोस्टर बनाना, बेस्ट ड्रामेबाज और थाली सजावट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्रों ने अपनी कलात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता से सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम के माध्यम से रक्षाबंधन के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व से भी छात्रों को अवगत कराया गया।
विज्ञापन


इस अवसर पर खंड शिक्षा कार्यालय से सुदर्शन शर्मा और डॉ. प्रद्युमन भल्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों के साथ संवाद कर ज्ञानवर्धक बातें साझा कीं और “रक्षाबंधन: महत्व एवं सामाजिक संदर्भ” विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी में बच्चों की भागीदारी की सराहना की। छात्र-छात्राओं ने अतिथियों को रक्षा सूत्र बांधकर सम्मान जताया, जिसके प्रत्युत्तर में अतिथियों ने बच्चों को उपहार देकर उत्साहवर्धन किया।

अपने संदेश में सुदर्शन शर्मा ने कहा, “रक्षाबंधन केवल एक रस्म नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति में पारिवारिक प्रेम, समर्पण और परस्पर दायित्व का प्रतीक है।” वहीं, डॉ. भल्ला ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी निरंतर प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मीना मेहता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है, बल्कि उनका व्यक्तित्व भी निखरता है। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन


कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें