संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। डीएवी पब्लिक स्कूल में महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती वर्ष एवं निर्वाण दिवस एवं दीपावली के त्योहार के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाउस स्तर पर हुई वैदिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महात्मा आनंद स्वामी सदन में शामिल उर्वशी, आक्षी, तथा हर्ष अव्वल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ-हवन से एवं प्राचार्या साधना बख्शी व स्टाफ सदस्यों की ओर से दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। बच्चों की ओर से कविता, भाषण, गीत, नृत्य, एकल न्त्य, सामूहिक गान प्रस्तुत कर दीपावली का त्योहार मनाया। बच्चों ने रामायण के पात्र रामचंद्र, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न व हनुमान जी का किरदार बड़ी बखूबी से निभाया। इस अवसर पर प्राचार्या साधना बख्शी ने सभी स्टाफ व बच्चों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। प्राचार्या ने कहा कि दिवाली का त्योहार आपके जीवन में खुशियां लेकर आए और आप खूब पढ़े और अपने जीवन में कामयाब बनें।
आचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय में हाउस स्तर पर वैदिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई। इसमें महात्मा हंसराज सदन के बच्चे आंचल, हर्षिता व अंकित ने द्वितीय स्थान हासिल किया। स्वामी विरजानंद सदन के बच्चे हर्षिता, हिमांशी तथा सानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार प्राप्त किए। स्वामी दयानंद सदन के बच्चों ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किए।
प्राचार्या साधना बख्शी ने विजेता बच्चों को बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में शांतिपाठ व जयघोष कर कार्यक्रम का समापन किया गया।